Breaking Newsउत्तराखंडविविध
Trending

उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान मिलने पर शीशपाल गुसाईं का प्रेस क्लब में सम्मान

उनकी पुस्तक “मध्य हिमालय उत्तराखंड की ऐतिहासिक महिलाएं” शोधपरक साहित्य का उत्कृष्ट उदाहरण

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में शुक्रवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब सदस्य शीशपाल गुसाईं को “उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान 2025” प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, साहित्य और अकादमिक जगत से जुड़े कई वरिष्ठ व्यक्तित्वों ने भाग लिया।

समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने की। इस अवसर पर श्री गुसाईं को स्मृति चिन्ह, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने इसे न केवल गुसाईं की व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि प्रेस क्लब के लिए भी गर्व का क्षण बताया।

अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि यह सम्मान क्लब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने चिंता जताई कि नई पीढ़ी में पढ़ने-लिखने की रुचि कम हो रही है, जो पत्रकारिता के भविष्य के लिए चुनौती है। उन्होंने युवा पत्रकारों से अध्ययन और लेखन की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ संपादक दिनेश शास्त्री ने गुसाईं के लेखन को शोधपूर्ण और तथ्यात्मक बताते हुए उनकी ऐतिहासिक विषयों पर गहरी पकड़ की सराहना की। साहित्यकार एवं प्रोफेसर सुशील उपाध्याय ने उनकी पुस्तक “मध्य हिमालय उत्तराखंड की ऐतिहासिक महिलाएं” को शोधपरक साहित्य का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

वरिष्ठ पत्रकार रवि बीएस नेगी, ज्योत्सना, अरुण शर्मा, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, सुरेंद्र डसीला, दीपक फर्स्वाण, जितेंद्र अंथवाल और इंद्रभूषण बडोनी सहित अन्य वक्ताओं ने भी गुसाईं के लेखन को इतिहास, भूगोल और पुरातत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया।

कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि गुसाईं के पिता 75 वर्षीय राजपाल सिंह गुसाईं आज भी गांव में रहकर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं, जो प्रेरणादायक है।

अपने संबोधन में शीशपाल गुसाईं ने कहा कि यह सम्मान प्रेस क्लब के सभी सदस्यों, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों का है, जिनसे उन्होंने निरंतर सीख प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि उनका लेखन इतिहास और पुरातत्व की खोज की एक सतत यात्रा है, जिसे वे आगे भी जारी रखेंगे। साथ ही उन्होंने युवा पत्रकारों से तथ्य आधारित लेखन करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष अजय राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी सहित अनेक पत्रकार सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button