Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

जंगल में फंसे विदेशी समेत दो लोग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद मिला जीवनदान

 विदेशी नागरिक ने जताया आभार, वर्षों से भारत में कर रहे साधना

रात में चला रेस्क्यू ऑपरेशन, खाई में उतरकर की तलाश

नई टिहरी। आध्यात्म की तलाश में निकले दो लोगों के लिए जंगल का रास्ता उस वक्त मुश्किल बन गया, जब अंधेरा घिरते ही वे दिशा भूल बैठे। लेकिन टिहरी पुलिस की तत्परता और साहस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

शुक्रवार रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अपने विदेशी साथी के साथ जंगल में रास्ता भटक गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

चुनौतीपूर्ण हालात में शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

पुलिस टीम ने कॉल करने वाले युवक से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस की, जो गंगा नदी के किनारे, मुख्य मार्ग से करीब 3 किलोमीटर नीचे पाई गई। अंधेरा, घना जंगल और सटीक स्थान की जानकारी न होना अभियान को और कठिन बना रहा था।

स्थानीय सहयोग से मिली सफलता

ऐसे हालात में डोबरी गांव के पूर्व ग्राम प्रधान के सहयोग से पुलिस टीम खाई में उतरी और सर्च ऑपरेशन तेज किया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आध्यात्मिक यात्रा बनी चुनौती

रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों की पहचान 27 वर्षीय आकाश गोस्वामी और उनके विदेशी साथी 69 वर्षीय जॉर्ज लियोन एसेवेडो उर्फ रामकृष्ण के रूप में हुई। बताया गया कि विदेशी नागरिक लंबे समय से भारत में रहकर भारतीय संस्कृति और आध्यात्म को अपना चुके हैं। दोनों सीताराम मंदिर की ओर जंगल के रास्ते से जा रहे थे, लेकिन अंधेरा होने के कारण रास्ता भटक गए। जंगल में जंगली जानवरों के खतरे के बीच स्थिति बेहद भयावह हो गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।

सुरक्षित रवाना किए जाएंगे दोनों

पुलिस ने दोनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। विदेशी नागरिक ने इस दौरान पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

ह रेस्क्यू ऑपरेशन न सिर्फ पुलिस की तत्परता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाता है कि मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य और सहयोग से हर संकट का समाधान संभव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button