Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

मामूली विवाद में पत्नी की चाकू मारकर हत्या

पेट में चाकू घोंपकर किया हमला, अस्पताल में तोड़ा दम

हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद, पति गिरफ्तार

देहरादून। पति-पत्नी के बीच हुआ एक मामूली विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। गुस्से में बेकाबू पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू झगड़ों के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल की रात को जौलीग्रांट के पाल मोहल्ला निवासी विवेक ने कोतवाली डोईवाला में सूचना दी कि उसकी बहन प्रतिमा (30 वर्ष) और उसके पति गोपाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी गोपाल ने प्रतिमा के पेट में चाकू घोंप दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों की कोशिशें उसे बचाने में नाकाम रहीं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

शुरुआत में इस मामले में कम गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन महिला की मौत के बाद इसे हत्या के मामले में परिवर्तित कर दिया गया। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई, पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।

आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button