पाकिस्तान से करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में हरिद्वार की युवती गिरफ्तार

500 रुपये कमीशन के लालच में फंसी युवती, हर ट्रांजेक्शन पर मिलता था कमीशन, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरिद्वार में दी दबिश
हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध आर्थिक लेन-देन के मामले में एक युवती को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती की पहचान पिरान कलियर क्षेत्र निवासी सोनम के रूप में हुई है, जिसे जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की पुलिस स्थानीय पुलिस की मदद से अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई।
जानकारी के अनुसार, कठुआ पुलिस ने कुछ दिन पहले राहुल खान नामक एक आरोपी को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसने सोनम का नाम सामने रखा। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव में दबिश दी और सोनम को हिरासत में लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनम पहले एमए की पढ़ाई कर रही थी और बाद में एक निजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थी। आर्थिक तंगी के चलते वह कथित तौर पर संदिग्ध ट्रांजेक्शन नेटवर्क से जुड़ गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के एवज में कमीशन दिया जाता था।
बताया जा रहा है कि सोनम की पहचान एक परिचित युवती के माध्यम से उमर नामक व्यक्ति से हुई थी। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल के जरिए उसकी बातचीत आदिल और हजीब नामक लोगों से कराई गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसे खातों में रकम जमा कराने और निकालने का काम सौंपा गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को हर 30 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन पर करीब 500 रुपये कमीशन मिलता था। अब तक लगभग 20 लाख रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि रकम पाकिस्तान से किन माध्यमों से भेजी जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, बीते करीब एक वर्ष से यह गतिविधियां संचालित हो रही थीं। पुलिस अब आरोपी के संपर्कों, बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों की गहन जांच कर रही है। साथ ही उस युवती की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है जिसने सोनम की पहचान कथित नेटवर्क से कराई थी।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है और स्थानीय पुलिस हर संभव सहयोग उपलब्ध करा रही है।




