चलती स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जलकर मौत, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ हादसा, 35 यात्री थे सवार
नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात स्लीपर एसी बस भीषण आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस सवार नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में कुल 35 यात्री सवार बताए गए हैं। 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कुछ लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसा रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुआ। बताया गया कि बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। आग लगने के बाद कुछ ही देर में लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
यात्रियों ने ड्राइवर को दी थी चेतावनी
एफआईआर में यात्री सुनील कुमार ने बताया कि बस के अंदर कुछ देर से जलने जैसी गंध आ रही थी। इसी दौरान ड्राइवर और क्लीनर के सिगरेट पीने की बात भी सामने आई। यात्रियों ने दोनों को बस में धूम्रपान करने से रोका, लेकिन आरोप है कि उन्होंने यात्रियों की बात को गंभीरता से नहीं लिया।
इसके कुछ समय बाद बस में आग लग गई। यात्रियों के अनुसार, आग लगने के बावजूद ड्राइवर ने तत्काल बस नहीं रोकी। आग बढ़ने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने लगे। इसके बाद बस को रोका गया।
45 मिनट में बुझी आग, दो घंटे चला रेस्क्यू
आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मियों ने अंदर प्रवेश किया। इसके बाद सीटों के बीच फंसे शवों को एक-एक करके बाहर निकाला गया। बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला। अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर शव सीटों पर ही मिले और अत्यधिक जलने के कारण उनकी पहचान करने में मुश्किल आ रही है।
एसी से आग लगने की शुरुआती आशंका
चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में एसी में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन तक आग पहुंचने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
बस पर पहले भी हो चुके हैं 19 चालान
हादसे के बाद बस के संचालन और उसके पुराने रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बस के खिलाफ पहले 19 चालान हो चुके हैं और करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। पुलिस ने मामले में बस चालक पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की परिस्थितियों, बस में सुरक्षा इंतजाम और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



