गोबर लेकर भाजपा कार्यालय पहुंची कांग्रेस, पुलिस ने रोका तो झड़प
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

देहरादून, 3 सितंबर: राजधानी में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर जोरदार मार्च निकाला। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में गोबर लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर “शुद्धिकरण” की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने पहले से ही कड़ी बैरिकेडिंग कर रखी थी और कार्यकर्ताओं को कार्यालय गेट से पहले ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
सर्वे रिपोर्ट पर भड़की कांग्रेस
ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक निजी कंपनी की रिपोर्ट में देहरादून को महिलाओं के लिए देश के असुरक्षित शहरों में शामिल बताया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार की नाकामी को उजागर करता है। रौतेला ने सवाल उठाया कि जब महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का अभाव है, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल क्यों तैनात किया गया।
हरक सिंह रावत ने भरी हुंकार
प्रदर्शन में मौजूद पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि यह सर्वे देहरादून की छवि को धूमिल करता है। इसे सुधारने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
दोनों दलों में प्रदर्शन की परंपरा शुरू
कांग्रेस के इस विरोध को सोमवार को हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस मुख्यालय प्रदर्शन के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। लगातार दो दिनों से राजधानी में दोनों दल एक-दूसरे के दफ्तरों पर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का व्यंग्यात्मक स्वागत
इस बीच भाजपा महिला कार्यकर्ता कार्यालय गेट पर चाय के कप लेकर खड़ी दिखीं। उन्होंने तंज भरे अंदाज़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का स्वागत करने की तैयारी कर रखी थी।