Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत, होटल में मिले युवक-युवती के शव

रुड़की में होटल में ठहरे थे दोनों, नाथूखेड़ी के युवक और लंढौरा की युवती की संदिग्ध मौत

रुड़की। शहर के डबल फाटक क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में किसी कीटनाशक या जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार युवक और युवती ने गुरुवार शाम होटल में कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए कमरे तक पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कर्मचारियों ने दोनों को सोया हुआ समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। दोपहर करीब चेकआउट का समय होने पर दोबारा दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन इस बार भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरे चाबी से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर युवक और युवती अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कमरे से मिले कुछ सामान और अन्य साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान सागर निवासी नाथूखेड़ी के रूप में हुई है, जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक असहमति या अन्य किसी कारण से दोनों ने यह कदम उठाया हो, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button