कहर बनकर गिरी बिजली, दो सगे भाइयों की मौत
देहरादून निवासी बुजुर्ग की चोपता में हार्ट अटैक से मौत

तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक पर हुआ हादसा, लखनऊ निवासी दो सगे भाइयों की मौत, दो घायल
रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंद्रशिला शिखर के पास आकाशीय बिजली गिरने से उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पर्यटक घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे चंद्रशिला क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया। इसी दौरान हुई तेज गर्जना और वज्रपात की चपेट में आने से लखनऊ निवासी अभिनव बाजपेयी (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई अभिषेक बाजपेयी (22) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों भाई घूमने के लिए चंद्रशिला पहुंचे थे।
हादसे में आजन मिश्रा (लखनऊ) और शुभम शुक्ला (उन्नाव) भी घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए ऊखीमठ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
उधर, चौपता क्षेत्र में एक अन्य दुखद घटना में देहरादून के रायपुर क्षेत्र के अधोईवाला निवासी राजेंद्र प्रसाद (71) की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
घटना के बाद प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से मौसम खराब होने की स्थिति में ऊंचाई वाले इलाकों और खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।




