Breaking Newsउत्तराखंडशिक्षा
Trending

देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विधि विभाग में दीक्षारम्भ, नए विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

पूर्व न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने छात्रों को दिए कानून और नैतिकता के मंत्र

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विधि विभाग में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर सोमवार को दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर उत्तराखंड हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश राजेश टंडन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने कहा कि एक स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण के लिए लोगों में कानून का भय नहीं, बल्कि उसके प्रति सम्मान होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून की पढ़ाई को समाज सेवा और न्याय की भावना से जोड़ने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. आर.के. त्रिपाठी ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। वहीं प्रतिकुलपति प्रो. रितिका मेहता ने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया।

स्कूल ऑफ लॉ के संकायाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार दीक्षित ने दीक्षारम्भ कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की पहल है, जिसका उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, संस्कृति और शिक्षण प्रणाली से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों में मानवीय मूल्यों, समानता, करुणा और चरित्र निर्माण की भावना विकसित करने का भी प्रयास किया जाता है।

उन्होंने बताया कि दीक्षारम्भ के दौरान विद्यार्थियों के लिए कैंपस भ्रमण भी कराया जाता है, जिसमें उन्हें पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, खेल परिसर सहित विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाती है। साथ ही पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं से भी परिचित कराया जाता है।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा विधि संकाय के शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने भी भाग लिया। मंच संचालन आकांक्षा भट्ट और स्माइल गोयल ने किया, जबकि अंत में विभागाध्यक्ष प्रो. गौरव त्यागी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button