
टैंट हटाया गया, परिवार में मची हलचल, संभ्रांत लोगों की पहल पर हुई सुलह
शादी का मंडप सजा था, ढोल-नगाड़े तैयार थे, रिश्तेदार उमंग में थे — लेकिन अचानक आई खबर ने सबको सकते में डाल दिया। शादी से ठीक पहले दुल्हन रहस्यमय तरीके से घर से गायब हो गई।
बाजपुर शहर निवासी एक युवक की शादी यूपी के रामपुर जिले के एक गांव निवासी युवती के साथ तय हुई थी। दो नवंबर को शादी होनी थी। इसी के चलते दुल्हन पक्ष के लोगों को बाजपुर आकर रविवार को दिन में शादी की रस्म पूरी करनी थी।
लड़का पक्ष की ओर से एक मैदान में शादी समारोह की तैयारियां की जा रही थीं। सूचना मिली कि दुल्हन शनिवार रात घर से अचानक गायब गई है। हैरान करने वाली खबर मिलते ही दूल्हे को झटका लगा। इससे लड़के पक्ष की ओर से चल रही तैयारियों को ग्रहण लग गया।
रविवार सुबह मैदान में लगाए टैंट को आनन-फानन में हटा दिया गया। टैंट संचालक भी समारोह को लेकर परेशान नजर आया। घटना से लड़के पक्ष के परिवार में हलचल सी मच गई।
परिवार के कुछ लोग पुलिस से शिकायत करने की बात कह रहे थे लेकिन संभ्रांत लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया। बताते हैं कि दुल्हन और दूल्हा पक्ष के बीच सुलह हो गई है।




