उत्तराखंड
Trending

सीएम हेल्पलाइन समीक्षा में सख्त हुए धामी, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

छात्रा साक्षी को एक सप्ताह में डिग्री देने के निर्देश

देहरादून। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी की छात्रा साक्षी की शिकायत का समाधान न होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर नाराजगी जताई है। छात्रा ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर विवि से डिग्री न मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक मामले का निस्तारण नहीं हुआ। मामला जब मुख्यमंत्री के संज्ञान में आया तो उन्होंने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह के भीतर जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को एक सप्ताह के भीतर डिग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों की शिकायतों के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए।

सीएम ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह, सचिवों को माह में दो बार और मुख्य सचिव को हर महीने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि तीन माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निपटाया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने होंगे। आपदा से क्षतिग्रस्त लाइनों और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सेवा के अधिकार के तहत मिलने वाली सभी सेवाओं को कार्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन को जानकारी मिल सके। साथ ही, बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारी अपने कार्यालयों में तय दिनों पर जनता से मिलने की सूचना नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button