
देहरादून, 4 अक्टूबर। देहरादून का परेड ग्राउंड शनिवार को खेल भावना और उत्साह से गूंज उठा, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 50वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है, जो राज्य के लिए गौरव का विषय है।
खेल से बनता है अनुशासन और टीम भावना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति में चरित्र निर्माण, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना को विकसित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी योजनाओं से देश में खेल संस्कृति का नया अध्याय शुरू हुआ है और भारत अब वैश्विक स्तर पर खेलों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उत्तराखंड बनेगा ‘स्पोर्ट्स हब’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद अब राज्य को ‘स्पोर्ट्स हब’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना तैयार की जा रही है। जल्द ही आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी।
इसके अलावा, हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।
नई खेल नीति से खिलाड़ियों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को कई प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी में आउट ऑफ टर्न अवसर, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, खेल किट वितरण, राज्य स्तरीय पुरस्कार और 4 प्रतिशत खेल कोटा की बहाली शामिल हैं। हाल ही में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि भी दी गई है।
बास्केटबॉल को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी देहरादून को बास्केटबॉल प्रशिक्षण अकादमी के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के खेल विश्वविद्यालय परिसर में बास्केटबॉल प्रशिक्षण सुविधा विकसित की जाएगी। राज्य सरकार बास्केटबॉल सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार, महासचिव कुलविंदर सिंह गिल, उपाध्यक्ष आदित्य चौहान, मंदीप सिंह ग्रेवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



