उत्तराखंडशिक्षा
Trending

स्कूल में बच्चों से रेत ढुलवाने पर प्रधानाध्यापिका निलंबित

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने की सख्त कार्रवाई

देहरादून। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला, देहरादून में बच्चों से बजरी, रेता और मिट्टी ढुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

6 अक्टूबर को सामने आए वीडियो में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में तसले और बेलचे की सहायता से मिट्टी और रेत को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते हुए दिखाई दिए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी के आदेश पर उप शिक्षा अधिकारी रायपुर ने मौके पर जांच की। जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि विद्यालय परिसर में बच्चों से मिट्टी उठवाने का कार्य कराया जा रहा था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) देहरादून ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर से संबद्ध कर दिया। वहीं, विद्यालय में कार्यरत अन्य शिक्षिकाओं से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने पर अन्य शिक्षकों पर भी कर्मचारी आचरण नियमावली के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button