
दूरदर्शन केंद्र देहरादून ने मनाया रजत जयंती समारोह
देहरादून।
उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक धरोहर और दूरदर्शन की गौरवशाली परंपरा के अद्भुत संगम के रूप में, दूरदर्शन केंद्र, देहरादून ने मंगलवार को अपना रजत जयंती समारोह भव्य सांस्कृतिक संध्या ‘कलादर्शनम’ के रूप में मनाया। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में हुआ, जिसमें दूरदर्शन परिवार, आमंत्रित कलाकार और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. माधुरी बड़थ्वाल, डॉ. बसंती बिष्ट, डॉ. बी.के.एस. संजय, कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ और डॉ. प्रीतम भारतवाण सहित कई विशिष्ट हस्तियां मौजूद रहीं। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया गया।
प्रसार भारती के क्लस्टर हेड व उपमहानिदेशक (अभियांत्रिकी) सुरेश कुमार मीणा ने स्वागत भाषण में दूरदर्शन केंद्र, देहरादून की विकास यात्रा और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दर्शकों के प्रति आभार जताया।
संगीत और नृत्य की विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। आकाशवाणी के टॉप ग्रेड कलाकार पंडित रोबिन करमाकर ने सितार पर राग ‘देस’ की मनोहारी प्रस्तुति दी, वहीं सनव्वर अली खान और शाहरुख खान ने गजल गायन से सुरों का जादू बिखेरा। राहुल वर्मा एवं समूह ने जौनसारी लोकनृत्य ‘पोली’, गढ़वाली लोकनृत्य और मनोज सामंत एवं सहयोगी कलाकारों ने कुमाऊंनी लोकगीत पेश कर दर्शकों को उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति में डुबो दिया।
कलाकारों को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन योगम्बर पोली और रोशनी खंडूड़ी ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजन में हेमंत सिंह राणा, नरेंद्र सिंह रावत और पवन गोयल सहित पूरे दूरदर्शन स्टाफ का योगदान रहा।
दूरदर्शन केंद्र, देहरादून की यह विशेष संध्या उत्तराखण्ड की लोकपरंपराओं को संजोने और दूरदर्शन की 25 वर्षीय सांस्कृतिक विरासत को यादगार रूप से प्रस्तुत करने के लिए अर्से तक याद रखी जाएगी।