प्रेमनगर के पिपलेश्वर महादेव मंदिर में माता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
माता की चौकी और डांडिया रास ने बांधा समां

प्रेमनगर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रेमनगर क्षेत्र में पिपलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को माता की भव्य चौकी का आयोजन किया गया। नवरात्रि के पांचवें दिन भक्तों ने माँ दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की आराधना की। वातावरण में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्रेमनगर के विंग नंबर दो स्थित नेहरू पार्क के पिपलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणपति वंदना गणपति जी गणेश नु मनाइए सारे काम रास होंन गे से हुई। इसके उपरांत भक्ति संगीत की स्वर लहरियाँ पूरे परिसर में गूंजने लगीं। कीर्तन मंडली ने जब “मुकुट सिर मोर का मेरे चित चोर का दो नैना सरकार के ” गाया तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। “शेरावाली के बिच्छुए सुनार गढ़ दे” और “दे दे थोड़ा प्यार मैया तेरा क्या घट जाएगा, बालक का तेरे मां जीवन संवर जाएगा” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
इसके बाद मंडली ने “कोई जाए जो वृंदावन मेरा पैगाम ले जाना मैं खुद तो आ नहीं सकता मेरा प्रणाम ले जाना और “पता नहीं कैसे लग जाती है खबर श्याम चले आते हैं भक्तों के घर” प्रस्तुत किए, जिन्होंने भक्तों को भावविभोर कर दिया। देर रात तक माता के जयकारों की गूंज मंदिर प्रांगण में सुनाई देती रही।
डांडिया की धूम
नवरात्रि के पावन अवसर पर चौकी के साथ-साथ डांडिया महोत्सव का भी भव्य आयोजन किया गया। पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालुओं ने माँ के भजनों की धुन पर थिरकते हुए वातावरण को आनंद और उमंग से भर दिया। इसके बाद मां के पावन नवरात्र गाए गए। फिर अरदास के पश्चात् आरती हुई।
देर रात तक चला भंडारा
रात्रि 9:30 बजे चौकी संपन्न होने के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा स्थानीय निवासी राजू शर्मा और भूमिका शर्मा द्वारा अपने सुपुत्र शेरा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
माता की चौकी का आयोजन पिपलेश्वर मंदिर समिति की ओर से किया गया। मंदिर समिति की पूजा दत्ता, प्रदीप भाटिया, संजीव भाटिया, राकेश सचदेवा व ओम चावला ने आयोजन में विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से रेनू बाला, सरोज कांडपाल, शिवानी भाटिया, अनीता मल्होत्रा, अनीता मैनी, राजेश भाटिया टोनी, कीमत गुलाटी, पारुल बिश्नोई, कांता चावला, सरिता ठाकुर, कृष्णा सेमवाल, गीता शर्मा, बिंदु शर्मा आरती शर्मा, चेतना मनुजा, दिव्य मनुज, कामिनी खंडूजा, आंचल बिश्नोई, दिलीप शर्मा , अनिल शर्मा, दिनेश खंडूजा के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। साथ ही, बांके बिहारी युवा मंडल ने भी जतिन तलवार के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम में सहभागिता दिखाई।




