
खाना बनाते समय हुआ धमाका, मचा हड़कंप
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराए के मकान में खाना बनाते समय घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, चामुंडा मंदिर, शिव नगर ट्रांजिट कैंप निवासी कुमार सेन, अंकित कुमार, सत्यवीर सिंह और सुमित कुमार एक ही मकान में किराए पर रहते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवक कमरे में गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ और आग की लपटें पूरे कमरे में फैल गईं। देखते ही देखते कमरे में रखे दो बड़े और एक छोटा सिलेंडर भी एक के बाद एक फट गए। लगातार धमाकों से कमरे की दीवार तक क्षतिग्रस्त हो गई।
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग की चपेट में आकर चारों युवक बुरी तरह झुलस गए, हालांकि उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
अग्निशमन अधिकारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि टीम के पहुंचने से पहले ही आग काफी फैल चुकी थी, जिससे कमरे को भारी नुकसान हुआ और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल, पुलिस और अग्निशमन विभाग विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।



