
फैक्ट्री कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज, मालिक पर कार्रवाई की मांग तेज
हरिद्वार। गुरुकुल नारसन स्थित यूपीसीएल के बिजली घर से बिजली चोरी और स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ का मामला बड़ा रूप ले चुका है। यूपीसीएल मुख्यालय ने इसे गंभीर मानते हुए विद्युत वितरण खंड रुड़की के प्रभारी अधिशासी अभियंता गुलशन बुलानी और मंगलौर के जेई अनुभव सैनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों को अलग-अलग मुख्य अभियंता कार्यालयों से संबद्ध किया गया है।
पाँच लोगों पर मुकदमा, अकरम अली भी शामिल
दो दिन पहले पुलिस ने बिजलीघर के पास से कुछ लोगों को पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने वासू स्टील फैक्ट्री के मीटर में गड़बड़ी की बात स्वीकार की। यूपीसीएल की जांच टीम ने मौके पर जांच की तो यह साफ हो गया कि बिजलीघर के भीतर लगे मीटर से छेड़छाड़ कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही थी। मामले में उपनल कर्मचारी अकरम अली समेत पाँच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
निलंबन और नई नियुक्तियां
यूपीसीएल निदेशक (परिचालन) एमआर आर्य ने अधिकारियों पर गहरी जिम्मेदारी तय करते हुए निलंबन की कार्रवाई की और उनकी जगह नए अफसरों को कार्यभार सौंपा गया। इस प्रकरण पर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि एक एसडीओ को अधिशासी अभियंता का प्रभार आखिर किस आधार पर दिया गया था।
फैक्ट्री कर्मचारियों पर मुकदमा, मालिक का नाम गायब
मुकदमा सिर्फ फैक्ट्री कर्मचारियों पर दर्ज किया गया है, जबकि मालिक का नाम एफआईआर में नहीं है। इससे संदेह गहराया है कि कर्मचारियों के माध्यम से मालिक को बचाने की कोशिश की जा रही है। मामले में पारदर्शिता और सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
पूरे मामले की गहन जांच के लिए यूपीसीएल एमडी अनिल कुमार ने मुख्य अभियंता गढ़वाल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर फैक्ट्री मालिक पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
सभी स्टील फैक्ट्रियों का होगा एनर्जी ऑडिट
प्रबंधन ने रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र की सभी उच्च खपत वाली स्टील फैक्ट्रियों और अन्य उद्योगों का एनर्जी अकाउंटिंग ऑडिट कराने का आदेश दिया है। जांच में जहां भी गड़बड़ी पकड़ी जाएगी, वहां सख्त कार्रवाई होगी।
दोहरी मीटरिंग के बावजूद चोरी
बड़ी फैक्ट्रियों में डबल मीटरिंग सिस्टम होता है—एक मीटर फैक्ट्री परिसर में और दूसरा बिजलीघर में। बावजूद इसके, यहां दोनों मीटरों से छेड़छाड़ की गई। इससे यूपीसीएल की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
एमडी अनिल कुमार का कहना है कि “हमने अधिशासी अभियंता स्तर तक अधिकारियों को निलंबित किया है। पूरे क्षेत्र की एनर्जी अकाउंटिंग कराई जाएगी। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी सामने आई तो कठोर कार्रवाई होगी। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”




