जनता दरबार में भूमि विवाद से लेकर स्कूल फीस माफी तक 201 शिकायतें दर्ज

झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में अनियमितता की जांच पूर्ति अधिकारी को सौंपी
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई एवं जनता दरबार में जनसमस्याओं का अंबार उमड़ पड़ा। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और स्कूल फीस माफी सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी 201 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कई बुजुर्ग अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भण्डारी ने अपने बड़े बेटे पर दुकान पर कब्जा करने और मकान हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया। वहीं कैंसर से पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी कर जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी कार्रवाई कर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आमवाला निवासी 61 वर्षीय विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं 65 वर्षीय गोदम्बरी देवी ने सेवानिवृत्त पति द्वारा उत्पीड़न किए जाने और इलाज व जीवनयापन के लिए आधी पेंशन दिलाने की गुहार लगाई।
जनता दरबार में ग्राम खाला क्षेत्र में भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सड़क किनारे झुके हाईटेंशन विद्युत खंभों से बने खतरे का मामला भी प्रमुखता से उठा। इस पर विद्युत विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय किद्दूवाला के भवन के मात्र तीन मीटर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए यूपीसीएल को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
मोहकमपुर स्थित ज्वाल्पा एन्क्लेव में बरसाती नाले की सुरक्षा दीवार और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से घरों में जलभराव की समस्या पर सिंचाई विभाग को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। भोगपुर निवासी किसान सुरेश चन्द्र ने वर्षा से कृषि भूमि के कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई। ग्राम सोरना और रुद्रपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण से सड़क मार्ग बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम माजरी में सिंचाई नहर बंद कर भूमि कब्जाने के मामले में एसडीएम को तत्काल जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल आपूर्ति और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रायपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता ने घर में दूषित पेयजल आने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जल संस्थान को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा गया।
प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह ने पेयजल और विद्युत कनेक्शन ट्रांसफर होने के बावजूद 38 हजार रुपये का जल बिल भेजे जाने की शिकायत की। मामले में जल संस्थान को जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में अनियमितता और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध न कराने के आरोपों की जांच पूर्ति अधिकारी को सौंपी गई।
जनता दरबार में आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी कई फरियादी पहुंचे। ग्राम माधोवाला की मोनिका, अंजली और कुन्ती देवी ने बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता की मांग की। आजाद नगर निवासी अनवरी जहां ने पुत्री विवाह के लिए आर्थिक मदद मांगी, जबकि प्रेम सिंह ने मकान मरम्मत के लिए सहायता की गुहार लगाई। रविकांत शर्मा और सुनता सम्मल ने बच्चों की स्कूल फीस माफी के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की। इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए स्पष्ट किया गया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता दरबार में एसडीएम स्मृता परमार, विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, अपर्णा ढौडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौडियाल, तहसीलदार सुरेन्द्र देव, विवेक राजौरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।




