
देहरादून, 30 सितंबर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास, पारदर्शिता और जनहित की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा – “युवाओं के हित में मैं सिर झुका भी सकता हूं और सिर कटा भी सकता हूं।”
भर्ती घोटालों पर सख्ती
मंगलवार को दून में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप बीते चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं, जबकि 100 से अधिक नकल माफिया जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाए गए।
पर्यटन को नई ऊर्जा
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 42 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा पूरी कर चुके हैं। शीतकालीन यात्रा की शुरुआत से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिली है। राज्य को ‘एडवेंचर टूरिज़्म हब’ बनाने के लिए ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग और रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
निवेश और उद्योग
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से राज्य को 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू मिले, जिनमें से 1 लाख करोड़ की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसी योजनाएं स्थानीय आजीविका को मजबूती दे रही हैं।
लैंड जिहाद पर प्रहार
धामी ने कहा कि राज्य की संस्कृति और पहचान बचाने के लिए 9 हजार एकड़ भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। अवैध मदरसों को सील किया गया और समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।
स्वदेशी का आह्वान
उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” मंत्र को आत्मसात करने की अपील की। स्वदेशी उत्पादों का उपयोग किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को सशक्त बनाएगा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति देगा।
इस अवसर पर फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा सहित फिल्म, मीडिया और विभिन्न क्षेत्रों की कई हस्तियां मौजूद रहीं।



