Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

तंत्र मंत्र के चक्कर में 6 वर्षीय मासूम की मौत से बवाल, महंत को जबरन साथ ले गए परिजन

काशीपुर के बालाजी धाम में इलाज के दौरान जहरीला इंजेक्शन लगाने का आरोप, धाम में हंगामे और तोड़फोड़ के बाद दो राज्यों की पुलिस जांच में जुटी

काशीपुर। उधम सिंह नगर के काशीपुर स्थित शिवलालपुर अमरझंडा के बालाजी धाम में छह वर्षीय बच्चे की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। उत्तर प्रदेश के संभल जिले का रहने वाला अर्पित अपनी दादी के साथ गर्दन की गांठ का उपचार कराने धाम पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान महंत की ओर से बच्चे को इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टियां होने के बाद उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का यह भी आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद उसकी दादी और फूफा को धाम परिसर से बाहर नहीं जाने दिया गया। इसकी सूचना संभल पहुंची तो परिजन और ग्रामीण कई वाहनों में सवार होकर काशीपुर पहुंच गए। धाम पहुंचते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और परिसर में जमकर हंगामा व तोड़फोड़ हुई। इस दौरान महंत सत्यवीर सिंह उर्फ हनुमान नाथ और वहां मौजूद सेवादारों के साथ मारपीट की गई।

आरोप है कि हंगामे के बाद परिजन महंत और उसके दो सहयोगियों को अपने साथ जबरन संभल ले गए। हालांकि रास्ते में एक सेवादार चलती गाड़ी से कूदकर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई।

संभल पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने महंत और उसके एक सहयोगी को संभल पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। दूसरी ओर काशीपुर पुलिस को मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चूंकि मामला उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों से जुड़ा है, इसलिए दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बच्चे की मौत के सही कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button