उत्तराखंडशिक्षा

एचएनबी विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 27 को

तैयारियां तेज, चुनाव समिति ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 2025 की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एच. सी. नैनवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में प्रो. नैनवाल ने चुनाव की पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। चुनाव संचालन के लिए गठित विभिन्न समितियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए, जिनमें ड्यूटी चार्ट, बैलेट पेपर की छपाई, मतदाता सूची संकलन, सुरक्षा एवं पार्किंग प्रबंधन, पोलिंग बूथ चयन और मतगणना कक्ष की तैयारी शामिल हैं।

छात्रों से अनुशासन की अपील

मुख्य चुनाव अधिकारी ने छात्र-छात्राओं से अनुशासन बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन और चुनाव समिति की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और जिला प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। इसी क्रम में एसएचओ जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विश्वविद्यालय पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली।

नामांकन प्रक्रिया 18-19 सितंबर को

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 और 19 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे तक पूरी की जाएगी।

बैठक में प्रो. मोहन पंवार, प्रो. आर. सी. डंगवाल, प्रो. एम. सी. सती, प्रो. आर. सी. नेगी, प्रो. दीपक कुमार, मुख्य नियंता एस. सी. सती, प्रो. भारती चौहान, डॉ. मनीषा निगम, डॉ. जे. पी. मेहता सहित चुनाव समिति, नियंता एवं डीएसडब्ल्यू बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button