सीबीसी नैनीताल ने की स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत
हनुमान गढ़ी मंदिर से शीतला देवी मार्ग तक चला सफाई अभियान, थीम – स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता

नैनीताल: देश भर में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान को गति देने के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) नैनीताल ने मंगलवार को स्वच्छोत्सव 2025 की शुरुआत की। इस अवसर पर कार्मिकों ने न केवल श्रमदान किया, बल्कि स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के महत्व से जोड़ने का संदेश दिया। अभियान की अगुवाई सीबीसी की नोडल अधिकारी श्रद्धा गुरुरानी तिवारी ने की। उन्होंने बताया कि हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर से लेकर शीतला देवी माता मंदिर मार्ग तक सड़कों, झाड़ियों और पार्कों की सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया गया।
थीम : स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज भट्ट ने जानकारी दी कि इस वर्ष स्वच्छोत्सव की थीम “स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता” है। इसके तहत लोगों में यह जागरूकता फैलाने का प्रयास है कि स्वच्छता केवल बाहरी सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन के संस्कार और आदतों में भी झलकनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सीबीसी नैनीताल 25 सितम्बर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता श्रमदान का आयोजन करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
कलाकारों ने गीतों से जगाया जोश
सफाई अभियान के दौरान सीबीसी नैनीताल के कलाकारों ने “साफ सुधरी जमी, हवा तो देश अपना स्वस्थ रहेगा” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में उत्साह और जागरूकता जगाई। कार्यक्रम में आनंद सिंह, गोपेश बिष्ट, शर्मिष्ठा, दीपा, शोभा, भास्कर, दीवान सिंह, राजेश और भूपेंद्र जड़ौत समेत कई कर्मचारी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।




