
महंत इंद्रेश अस्पताल के सहयोग से आयोजित शिविर में स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण और निःशुल्क दवा वितरण
देहरादून | देहरादून के सुद्धोवाला क्षेत्र में रविवार को स्वैच्छिक संस्था “मनुर्भव” एवं ग्राम सभा सुद्धोवाला के संयुक्त तत्वावधान में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुद्धोवाला स्थित बहुउद्देशीय भवन (आंगनवाड़ी केंद्र) में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
महंत इंद्रेश अस्पताल के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में शारीरिक स्वास्थ्य जांच, नेत्र जांच, मोतियाबिंद परीक्षण के साथ-साथ नेत्रदान के प्रति जागरूकता भी प्रदान की गई। इसके अलावा मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. पुष्किन पोखरियाल (MBBS, MS) एवं उनकी टीम ने पूरे समर्पण के साथ लोगों की स्वास्थ्य जांच की। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ यह शिविर शाम 5 बजे तक चला, जिसमें सैकड़ों लोगों ने अपनी जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
संस्था की संस्थापक डॉ. गिरिबाला जुयाल ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान श्रीमती निधि गैरोला एवं दिनेश गैरोला का विशेष सहयोग रहा। शिविर के संयोजक कैप्टन (सेवानिवृत्त) अनिल पोखरियाल रहे, जिनकी सक्रिय भूमिका के लिए संस्था ने उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार का यह पहला स्वास्थ्य शिविर है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिला और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रखे जाएंगे।




