
देहरादून। गांधी पार्क में बन रही कंक्रीट कैंटीन को लेकर पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुसार मंगलवार शाम मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल ने नगर निगम के अभियंताओं और गांधी पार्क में नियमित सैर करने वालों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्य नगर आयुक्त को कैंटीन निर्माण के बाद पार्क में उत्पन्न होने वाली संभावित कठिनाइयों के बारे में विस्तार से बताया। स्थिति का जायजा लेने के बाद मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल संतुष्ट नजर आईं और उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया कि पार्क में सैर करने वालों के हितों का ध्यान रखा जाएगा तथा कैंटीन का निर्माण उस स्थान पर नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण को लेकर सुझाव भी मांगे, जिन पर उपस्थित नागरिकों ने निम्न सुझाव दिए
- बच्चा पार्क की कैंटीन को ही सुचारू रूप से चलाया जाए और प्रवेश शुल्क न लगाया जाए।
- बच्चा पार्क के सामने झूलों के स्थान पर टिकाऊ व सुंदर प्लास्टिक झूले लगाए जाएं।
- सुलभ शौचालय के साथ वाले गेट को बंद न किया जाए।
- पार्क के पैदल पथ (वॉकिंग ट्रैक) को छोटा न किया जाए।
- पार्क में नियमित रूप से गार्ड की नियुक्ति की जाए।ओपन जिम की देखभाल ठीक ढंग से की जाए।
- बैठने के लिए और अधिक बेंचों की स्थापना की जाए।
सभी बिंदुओं पर मुख्य नगर आयुक्त का रुख सकारात्मक रहा।
आज हुए संयुक्त निरीक्षण में प्रमुख रूप से जगमोहन मेंदीरत्ता, पार्षद रोहन चंदेल, मोहन वर्मा, नरेश चंडोक, संदीप मल्होत्रा, हिमांशु अरोरा, फ्लोरेंस पांधी, एस.एस. रजवार सहित कई नागरिक मौजूद रहे।


