
वन विभाग की टीम कर रही है तलाश
पौड़ी/ सतपुली। शुक्रवार देर शाम सतपुली क्षेत्र में गुलदार ने सड़क चौड़ीकरण कार्य में जुटे एक मजदूर परिवार की झोपड़ी से तीन वर्षीय मासूम को उठा लिया। नेपाली मूल का यह परिवार कई सालों से क्षेत्र में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। मासूम की पहचान विवेक ठाकुर पुत्र रमेश ठाकुर के रूप में हुई है। रमेश ठाकुर मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं और परिवार सहित सतपुली में रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे हैं।
घटना के समय बच्चा झोपड़ी में सो रहा था। अचानक घुसे गुलदार ने उसे उठाया और जंगल की ओर भाग गया। मौके पर अफरातफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही सतपुली थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले छह महीनों में गुलदार के हमले की करीब दर्जनभर घटनाएं हो चुकी हैं और अब आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि गुलदार को तत्काल पकड़ा जाए और प्रभावित परिवार को राहत दी जाए।



