उत्तराखंडखेल
Trending

कफ़नी सदन ने रचा इतिहास: बलूनी स्कूल ने लगातार तीसरी बार जीती कॉक हाउस ट्रॉफी

स्पोर्ट्स डे में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और संस्कृति का संगम

छात्रों ने दमखम दिखाया, अभिभावकों ने भी बढ़ाया उत्साह 

देहरादून। देहरादून के बलूनी पब्लिक स्कूल, केशोवाला का वार्षिक स्पोर्ट्स डे इस वर्ष भी ऊर्जा, प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। उत्साह से भरे माहौल के बीच छात्रों ने मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और इसी जज़्बे के साथ कफ़नी सदन ने लगातार तीसरी बार कॉक हाउस ट्रॉफी अपने नाम कर नई मिसाल कायम की।

बलूनी पब्लिक स्कूल, केशोवाला में स्पोर्ट्स डे का भव्य आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सतर्कता विभाग की डीएसपी हर्षवर्धिनी सुमन और विशिष्ट अतिथि के रूप में क्रीड़ा विशेषज्ञ एस.के. अग्निहोत्री उपस्थित रहे। स्कूल के संस्थापक सदस्य जे.पी. बलूनी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया, जिसके बाद अतिथियों ने छात्र परिषद सदस्यों से परिचय प्राप्त किया।

अकादमिक समन्वयक आवृत्ति पुरोहित पोखरियाल ने सभी छात्रों को प्रतियोगिता पूर्व शपथ दिलाई। स्पोर्ट्स कैप्टन अनुराग सिंह और प्रणवी भट्ट ने मशाल दौड़ पूरी कर स्पोर्ट्स डे का औपचारिक उद्घाटन किया।

उप प्रधानाचार्या डॉ. प्रांजलि पुरोहित भट्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्रों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया और संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिताओं में बच्चों का जोश देखने लायक रहा, वहीं अभिभावकों ने भी विशेष खेलों में भाग लेकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन ने पूरे मैदान में देशभक्ति का वातावरण बना दिया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के लोकगीतों पर प्रस्तुत आकर्षक नृत्यों ने स्थानीय संस्कृति की सुंदर झलक दिखाई। मुख्य अतिथि हर्षवर्धिनी सुमन ने बच्चों को खेल और पढ़ाई में संतुलन रखने के सुझाव दिए और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

स्कूल प्रबंधन की ओर से नीतीश बलूनी ने कहा कि खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य हैं। विशिष्ट अतिथि एस.के. अग्निहोत्री ने छात्रों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सभी सदनों ने राज्य के रोमांचक खेलों, महान विभूतियों, रामलीला और नंदा देवी राज जात की झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कॉक हाउस ट्रॉफी की घोषणा रही, जिसमें कफ़नी सदन ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. के.सी. पुरोहित, रेखा बलूनी, कविलास नेगी, प्रदीप भट्ट, मंदीप बडोनी, शिक्षक-गण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक समिति की सदस्य ऋचा शैली ने किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button