
देहरादून 09 सितम्बर: राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम अंतर्गत आज घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 के परिणामों में नगर निगम देहरादून ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। निगम ने 171.7 अंक प्राप्त कर देशभर में 19वां स्थान हासिल किया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष देहरादून नगर निगम 37वें स्थान पर था और उसे 126.5 अंक मिले थे।
वायु गुणवत्ता सुधार की इस सफलता का श्रेय नगर निगम द्वारा बीते 6–8 माह में किए गए सतत प्रयासों को दिया जा रहा है। निगम ने विभिन्न स्तरों पर काम करते हुए शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रयास किया।
निगम द्वारा किए गए प्रमुख कार्य
- नगर निगम क्षेत्र में 1 लाख पेड़ लगाए गए
- शहर में विभिन्न पार्कों का निर्माण
- साइकिल ट्रैक का विकास
- सड़कों के किनारे धूल नियंत्रण हेतु पटरियों और फुटपाथ का निर्माण
- कचरा प्रबंधन के लिए 15 ई-ऑटो टिपर वाहन खरीदे गए
- गीले कचरे से खाद निर्माण हेतु 10 कम्पोस्ट मशीनें स्थापित
- एनआईवीएच परिसर में धूल कणों को नियंत्रित करने हेतु फाउंटेन निर्माण
- शहर की सड़कों पर निरंतर वाटर स्प्रिंकलिंग मशीन से छिड़काव
- जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
अगले वर्ष शीर्ष-5 में आने का लक्ष्य
महापौर महोदय एवं नगर आयुक्त महोदया ने कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सहयोग का परिणाम है। नगर निगम ने घोषणा की है कि अगले वर्ष देहरादून को देश के शीर्ष 5 शहरों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए और अधिक ठोस कदम उठाए जाएंगे।