
त्योहारों की मिठास पर ‘मिलावट’ का साया
देहरादून: जैसे-जैसे दीपावली का त्योहार नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे मिलावटी मिठाइयों का कारोबार भी तेज़ हो गया है। राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेलनगर क्षेत्र में बिना लाइसेंस चल रहे मिठाई गोदाम का भंडाफोड़ किया। यहां घटिया और खुले में रखी मिठाइयों की आपूर्ति शहर की दुकानों तक की जा रही थी।
त्योहारों से पहले लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मंगलवार को पटेलनगर क्षेत्र के एक बेसमेंट में चल रहे बिना लाइसेंस मिठाई गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने देखा कि गोदाम में हरियाणा निर्मित रसगुल्ले, रसभरी और चमचम के डिब्बे रखे हुए थे। कई पैकिंग खुले हाल में थीं और मिठाई खराब हालत में मिली। आश्चर्य की बात यह रही कि एक किलो रसगुल्ले की कीमत मात्र ₹111.76 दर्ज थी।
निरीक्षण के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि इस गोदाम से देहरादून और आसपास के इलाकों की दुकानों को मिठाई की सप्लाई की जा रही थी, मगर बिलों में सिर्फ दुकानों के नाम दर्ज थे, पता नहीं। टीम ने मौके से छह मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए हैं।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि यह छापा उपायुक्त गढ़वाल मंडल खाद्य सुरक्षा आर.एस. रावत और सहायक आयुक्त मनीष सयाना के नेतृत्व में मारा गया। टीम में वरिष्ठ अधिकारी संजय तिवारी, संतोष कुमार सिंह और कपिल देव शामिल थे।
सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने कहा कि दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त मिठाइयों की बिक्री करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मिठाई खरीदते समय ब्रांड, लाइसेंस नंबर और पैकिंग की स्थिति अवश्य जांचें।
एफडीए आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार और अपर आयुक्त तजबर सिंह जग्गी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर विभाग त्वरित कार्रवाई कर रहा है।
अभियान दीपावली तक जारी रहेगा
एफडीए का कहना है कि यह विशेष अभियान दीपावली तक लगातार चलेगा, ताकि बाजारों में नकली और घटिया मिठाइयों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।



