देवप्रयाग में अलकनंदा नदी में समाई इनोवा, तीन की मौत
कई लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

देवप्रयाग/टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के चकासा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चारधाम यात्रा पर जा रही एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और दुर्गम भूभाग के बावजूद बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। एसडीआरएफ की तीन टीमें घटनास्थल पर तैनात हैं और नदी के किनारों पर लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इनोवा कार में आठ से अधिक लोग सवार थे। सभी यात्री राजस्थान के जैसलमेर जिले के दरियानाथ बावड़ी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जो चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आए थे। बताया जा रहा है कि वाहन हरिद्वार की ओर से बदरीनाथ मार्ग पर आगे बढ़ रहा था, तभी देवप्रयाग के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में गिरकर नदी में समा गई।
हादसे में घायल 12 वर्षीय आयुष्मान को स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले श्रीनगर बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने हादसे में मृत तीन लोगों की पहचान दिनेश (27), अखिलेश (22) और कमला देवी (67) के रूप में की है। वहीं गुड्डी देवी (40), नवरत्न (20) और जानवी (22) सहित अन्य लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही वाहन में सवार सभी लोगों की सही संख्या और स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलने की बात सामने आ रही है।




