उत्तराखंड
Trending

विश्व साइकिल दिवस पर गूंजी हरित दून की पुकार, 34 साइक्लिस्टों ने निकाली जागरूकता राइड

गो ग्रीन, स्टे लीन’ हरित और प्रदूषण मुक्त दून का दिया संदेश

देहरादून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मंगलवार सुबह देहरादून साइक्लिंग क्लब ने घंटाघर से एफआरआई मुख्य द्वार तक विशेष साइकिल राइड का आयोजन किया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 34 साइक्लिस्टों ने फिटनेस, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए देहरादून को हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

सुबह करीब छह बजे घंटाघर पर एकत्रित हुए साइक्लिस्टों को क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राइड घंटाघर से बिंदाल ब्रिज, यमुना कॉलोनी, किशन नगर और बल्लूपुर चौक होते हुए एफआरआई मुख्य द्वार तक पहुंची। सभी प्रतिभागियों ने अनुशासित तरीके से ‘वन बिहाइंड वन’ फॉर्मेशन में साइक्लिंग कर यातायात नियमों के पालन का भी संदेश दिया।

एफआरआई मुख्य द्वार पर मॉर्निंग वॉक, व्यायाम और बॉक्सिंग अभ्यास कर रहे लोगों ने साइक्लिस्टों का तालियों के साथ स्वागत किया और विश्व साइकिल दिवस के आयोजन का समर्थन किया।

राइड के दौरान क्लब सदस्यों की मुलाकात महाराष्ट्र से आए साइक्लिस्ट विकास चौरसिया से भी हुई, जो ग्रामीण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय साइकिल यात्रा पर निकले हैं। उनकी यात्रा ने प्रतिभागियों को प्रेरित किया और सामाजिक सरोकारों के प्रति साइक्लिंग की भूमिका को भी रेखांकित किया।

क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि साइक्लिंग केवल फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का भी सशक्त संदेश है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में स्कूली छात्रों का सुरक्षा उपकरणों के साथ राइड में शामिल होना यह दर्शाता है कि युवा पीढ़ी भी स्वच्छ और हरित दून के निर्माण के लिए जागरूक हो रही है।

उन्होंने बताया कि देहरादून साइक्लिंग क्लब नियमित रूप से वीकेंड राइड्स आयोजित करता है, जिनका उद्देश्य लोगों को फिटनेस, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

राइड के समापन पर सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट्स वितरित किए गए। कार्यक्रम में अशोक खंडूरी, प्रणय, चित्रांग, हैरिस, हरगुन, अमन, चांदनी, रीना, सीमा, अजय, विकास, राजेश, देविंदर, शरद, विपिन और सुधा समेत कुल 34 साइक्लिस्ट शामिल रहे।

“Go Green & Stay Lean” के संदेश के साथ आयोजित इस राइड ने शहरवासियों को साइक्लिंग अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button