
ज्योतिर्मठ: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पर व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के एडुसैट सभागार में “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत के विचारों की प्रासंगिकता” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत पंत जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। प्राचार्य ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम, राजनीति, समाज सुधार, हिंदी और हिंदुस्तान के लिए पंत जी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे सपनों की उड़ान भरते समय अपनी जड़ों और नींव के पत्थरों से जुड़ाव बनाए रखें। उन्होंने कहा कि “हमारे समय की राजनीति और समाज के लिए पंत का पंथ बेहद उपयोगी और आवश्यक है।”
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच व्याख्यान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा पूर्णिमा ने प्रथम स्थान, बीएससी पंचम सेमेस्टर की प्रियांशी भट्ट ने द्वितीय और बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की प्रभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि शीघ्र ही शासन की ओर से निर्धारित नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
निर्णायक मंडल में डॉ. जी.के. सेमवाल, डॉ. राजेन्द्र सिंह और डॉ. पवन कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम संयोजक डॉ. चरण सिंह केदारखंडी थे।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. सत्यनारायण राव, डॉ. नंदन रावत, डॉ. किशोरी लाल, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. रणजीत सिंह मर्तोलिया, डॉ. शैलेन्द्र रावत, डॉ. राहुल मिश्रा, डॉ. मोनिका सती, डॉ. राहुल तिवारी समेत बड़ी संख्या में प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में प्राचार्य ने रसायन विज्ञान विभाग में नवनियुक्त फैकल्टी डॉ. कविता रावत का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।




