उत्तराखंड
Trending

गुलदार ने ली वृद्धा की जान, घास लेने गई थी जंगल

पौड़ी जिले में खिर्सू ब्लॉक के कोटी गांव में हुई घटना

पौड़ी : पहाड़ों में मानव–वन्यजीव संघर्ष लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। पौड़ी जिले के खिर्सू ब्लॉक के कोटी गांव में गुरुवार सुबह 62 वर्षीय गिन्नी देवी पर घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। गिन्नी देवी रोज़ाना की तरह मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं। आसपास मौजूद ग्रामीण महिलाओं की चिल्लाहट सुनकर गुलदार वन क्षेत्र की ओर भाग गया।

गंभीर रूप से घायल गिन्नी देवी को ग्रामीणों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गाँव के पूर्व प्रधान जगमोहन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग की कार्रवाई अभी तक पर्याप्त नहीं दिख रही। ग्रामीण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग से त्वरित कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

पौड़ी रेंज के रेंजर दिनेशचंद्र नौटियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। गुलदार की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।

पौड़ी जिले में पिछले तीन माह में गुलदार ने तीन लोगों की जान ले ली है और छह से अधिक लोगों को घायल किया है। इस भयावह हालात के कारण लोग सूरज ढलते ही गांवों में खुद ही अघोषित कर्फ्यू लगा देते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button