

देहरादून। सेंट पैट्रिक अकेडमी की नन्हीं स्केटर सान्वी नेगी ने रोलर स्केटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड को स्वर्ण पदक दिलाया है। सान्वी ने यह उपलब्धि रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 10वीं रैंकिंग ओपन नेशनल चैंपियनशिप में हासिल की।
नोएडा में 14 से 18 अगस्त तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली स्केटर भाग ले रहे हैं। दूसरी कक्षा की छात्रा सान्वी ने 200 मीटर रिंक रेस में बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
सान्वी के कोच अनमोल सजवाण ने बताया कि मात्र 7 वर्ष की उम्र में सान्वी अपनी प्रतिभा से सबको प्रभावित कर रही है। इससे पहले भी वह ओपन डिस्ट्रिक्ट नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुकी है।
दून इलाइट अकेडमी से सान्वी समेत पांच स्केटर इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। उत्तराखंड टीम के कोच शान्तनु मांगलिक ने सान्वी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस उपलब्धि से राज्य का गौरव बढ़ा है और भविष्य में भी सान्वी उत्तराखंड को कई पदक दिला सकती है।




