टनल हादसे में मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹1 लाख देगा टीएचडीसीआईएल

ऋषिकेश। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) के टेल रेस टनल (टीआरटी) में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) ने प्रभावित श्रमिकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है। कंपनी प्रत्येक मृतक श्रमिक के निकटतम परिजन को ₹5 लाख तथा प्रत्येक घायल श्रमिक को ₹1 लाख की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी।
टीएचडीसीआईएल ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने कहा कि इस कठिन और पीड़ादायक समय में प्रबंधन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है।
कंपनी की ओर से कहा गया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। 13 अगस्त को वीपीएचईपी के टेल रेस टनल में हुई दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया था। हादसे में श्रमिकों के हताहत होने की सूचना सामने आई थी।



