पौड़ी: घास लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, एयर एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया

पौड़ी जिले के विकासखंड पोखड़ा के देवराड़ी तल्ली गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब 36 वर्षीय कंचन देवी पर घास लेने के दौरान अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कंचन देवी को स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम की मदद से तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पोखड़ा पहुँचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्नत उपचार के लिए तुरंत कार्रवाई की। जमीनी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने बिना देरी किए शासन से एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनकी सतत मॉनिटरिंग और त्वरित समन्वय के चलते कुछ ही समय में एयर एम्बुलेंस सतपुली पहुँची, जहाँ से घायल कंचन देवी को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया। वहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रिय भूमिका निभाई।
घटना के बाद देवराड़ी तल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को संवेदनशील क्षेत्रों में अकेले न जाने, समूह में गतिविधियाँ करने और पूर्ण सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।




