
देहरादून। राजधानी देहरादून में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। शहर के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के भावपूर्ण दृश्य और सांस्कृतिक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

जीएमएस रोड स्थित इंजीनियर्स एन्क्लेव मंदिर में भी इंजीनियर्स एन्क्लेव धर्मार्थ समिति की ओर से भव्य आयोजन किया गया। दिनभर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना होती रही। देर रात जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की वेला आई, मंदिर परिसर में “कन्हैया लाल की जय” के जयकारों से गूंज उठी। श्रद्धालु जन्मोत्सव के साक्षी बने और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

मंदिर को आकर्षक और भव्य सजावट से सजाया गया था। श्रीकृष्ण जन्म पर आधारित झांकियों ने उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंदिर के मुख्य पुजारी सुनील बेलवाल ने सभी भक्तों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा और न्याय का संदेश देता है। इस पर्व से हमें अपने जीवन में भगवान के आदर्शों को अपनाने और उनके मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंजीनियर्स एन्क्लेव धर्मार्थ समिति के संरक्षक ओपी कौशिक, पीपी भाटी, अरुण प्रकाश, महेंद्र कुमार तायल, राजीव अग्रवाल, संजय गुप्ता, अध्यक्ष अखिल कौशिक, उपाध्यक्ष मनीष तायल, सचिव सीएम गर्ग, कोषाध्यक्ष एसके मित्तल, सह सचिव एएम कंसल, संस्कृति सचिव बीआर शर्मा, भंडार सचिव राहुल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा।




