
फर्जी दस्तावेज बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के दिये निर्देश
देहरादून, 4 अगस्त –
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन व्यक्तियों ने फर्जी तरीके से राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड अथवा अन्य सरकारी दस्तावेज प्राप्त किए हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही इस कार्य में संलिप्त अधिकारियों, कर्मचारियों अथवा एजेंटों पर भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने जिलों में चल रही अतिक्रमण विरोधी मुहिम को नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन कालनेमी” के अंतर्गत आस्था की आड़ में जनता को भ्रमित करने वाले तत्वों पर भी सख्त और निरंतर कार्रवाई की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने जनपद स्तरीय सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर भी चिंता जताई और सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें। निरीक्षण में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, उपकरणों की स्थिति एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी विभागों और कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और आम जनता को भी ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सफलतापूर्वक संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, निर्वाचन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी की कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग से पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए है।




