
हिमाद्रि रिंक से जगी नई उम्मीद, उत्तराखंड के 19 आइस स्केटरों का सम्मान
देहरादून। उत्तराखंड में आइस स्केटिंग के लिए पर्याप्त सुविधाओं का अभाव लंबे समय से खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के 19 खिलाड़ियों को रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
पूर्व राज्यपाल के आवास पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान खिलाड़ियों ने हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक में अभ्यास के लिए निशुल्क अथवा रियायती सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी, ताकि वे नियमित प्रशिक्षण लेकर अपने प्रदर्शन को और बेहतर बना सकें।
संसाधनों की कमी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके खिलाड़ी
एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव पैन्यूली ने कहा कि उत्तराखंड में लंबे समय तक आइस स्केटिंग के लिए स्थायी रिंक उपलब्ध नहीं था। ऐसे में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए शिमला, गुरुग्राम के अलावा बैंकॉक, हांगकांग, फिलीपींस, यूएई, कंबोडिया और सिंगापुर तक जाना पड़ा। महंगे प्रशिक्षण और सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 60 से अधिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सात से अधिक पदक हासिल किए हैं।
अब देहरादून में हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में बेहतर और निरंतर प्रशिक्षण का अवसर मिलने की उम्मीद जगी है। एसोसिएशन का मानना है कि यदि नियमित अभ्यास की सुविधा मिलती है तो आने वाले वर्षों में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी और अधिक शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
सम्मानित हुए ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी
महिला वर्ग में मीमांसा नेगी, अग्रिमा भट्ट, हिमाग्नि शर्मा, वान्या भंडारी, अपूर्वा सिंह और मानवी ढोंडियाल को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में अथर्व भट्ट, ओजस तैनजिंग धरमशकतू, अनमोल सजवाण, ऋषभ रावत, अथर्व सिंह चौहान, अधिराज देव राहुल, आयुष रमेश कंसवाल, आयुष जगुड़ी, आदर्श रावत, धैर्य और मौलिक अग्रवाल शामिल रहे।
लक्ष्य पर ध्यान दें, सफलता निश्चित है : कोश्यारी
भगत सिंह कोश्यारी ने खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को लेकर निरंतर मेहनत करते रहें। उन्होंने खेल के साथ शिक्षा को भी समान महत्व देने की जरूरत बताई। युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन और धैर्य बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
हिमाद्रि रिंक में खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पर कोश्यारी ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी यशवंत सिंह, नागेंद्र सिंह नेगी और सुभाष जगुड़ी समेत खिलाड़ी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।



