देहरादून के खंडहर में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका
शरीर पर कई जगह चोटों के निशान, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून। राजधानी देहरादून में रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्ठा इलाके में एक पुराने खंडहर से महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के कारण पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है। हाल के दिनों में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं के बीच इस मामले ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने खंडहर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की थी। जब आसपास के लोगों ने वहां जाकर देखा तो अंदर एक महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी देहात जया बलूनी और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और आसपास के गांवों व बस्तियों में भी पूछताछ की जा रही है।
उधर, हाल के महीनों में देहरादून में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। जनवरी के अंत में विकासनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा की हत्या का मामला सामने आया था, जिसके बाद कुछ अन्य हत्याओं की घटनाएं भी चर्चा में रहीं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।




