
देहरादून। जनजातीय गौरव दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड में तीन आवासीय छात्रावासों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। ये छात्रावास धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान के तहत कुल रु. 1055 लाख की लागत से बनाए जाएंगे।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनियावाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के उत्थान के लिए निरंतर अभूतपूर्व कार्य कर रही है। नए छात्रावास बन जाने से दूरस्थ क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर जनजातीय छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
डॉ. रावत ने बताया कि
चमोली (माणा–घिंघराणा) और देहरादून (क्वांसी) में रु. 360-360 लाख की लागत से छात्रावास निर्मित होंगे।
ऊधमसिंहनगर (झांकत) में रु. 335 लाख की लागत से छात्रावास बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. रावत ने समग्र शिक्षा वर्ष 2023–24 के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास, बनियावाला के उच्चीकरण हेतु रु. 320 लाख की लागत से बने नवीन भवन का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही समग्र शिक्षा वर्ष 2025–26 में विद्यालय के उच्चीकरण हेतु स्वीकृत रु. 170 लाख की लागत से बनने वाले नए भवन का शिलान्यास किया गया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालयों में भौतिक संसाधनों के विकास, शिक्षकों की नियुक्ति और सुविधाओं के विस्तार पर निरंतर काम किया जा रहा है।


