राहुल गांधी के दौरे से पहले बड़ा हादसा : लोहे का गाडर गिरने से कांग्रेस नेता की मौत
सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए मंच निर्माण के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से एक दिन पहले देहरादून में बड़ा हादसा हो गया। बन्नू स्कूल मैदान में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कांग्रेस नेता अमर मेहता पर लोहे का गाडर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए मंच और टेंट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक लोहे का भारी गाडर अमर मेहता के सिर पर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल अमर मेहता को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में हादसा मंच निर्माण के दौरान होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। इस दुखद घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर निर्माण कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
गौरतलब है कि राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पहले परेड ग्राउंड में प्रस्तावित था, लेकिन अनुमति विवाद के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थल बदलकर बन्नू स्कूल मैदान कर दिया था। कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे ने आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की रिपोर्ट पर टिकी हैं।




