
सीआईएससीई बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
देहरादून। द हेरिटेज स्कूल की कक्षा 12 (नालंदा) की छात्रा मनषा गर्ग ने तमिलनाडु में आयोजित सीआईएससीई राष्ट्रीय खेल बैडमिंटन प्रतियोगिता (अंडर-19 वर्ग) में रजत पदक जीतकर विद्यालय व राज्य का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर से आई सीआईएससीई टीमों ने हिस्सा लिया।
मनषा ने कठिन परिश्रम और अनुशासन से खेल में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही वह आगामी स्कूल्स गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी चयनित हुई हैं।
विद्यालय अध्यक्ष चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक विक्रांत चौधरी, सलाहकार चारू चौधरी और प्रधानाचार्या डॉ. अंजू त्यागी ने मनषा को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके आत्मविश्वास, समर्पण और लगन का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मनषा जैसे विद्यार्थी संस्थान की प्रेरणा हैं और उनकी मेहनत आने वाले समय में और ऊँचाइयाँ दिलाएगी।
मनषा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र एवं अभिभावकगण ने प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।



