
लोहे की रॉड से वार, जान से मारने की धमकी
देहरादून : विकासनगर में एक युवक पर देर रात करीब दो दर्जन लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित महेश कुमार, निवासी ग्राम उदियाबाग ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड व लाठियों से प्रहार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
महेश कुमार ने बताया कि गुरुवार रात लगभग 8:40 बजे जब वह तहसील चौक से अपने घर लौट रहे थे, तभी ग्राम उदियाबाग निवासी राहुल पुत्र नरेश अपने 20-25 साथियों के साथ आया और बिना किसी कारण उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि राहुल ने खुखरी दिखाकर धमकी दी कि उसकी पत्नी गाँव की प्रधान है और “अब हमारा राज है, कोई भी शासन-प्रशासन हमारा कुछ नहीं कर सकता, मैं तुझे जान से मार दूंगा।”
पीड़ित के अनुसार हमलावरों में राहुल पुत्र नरेश के अलावा संजय पुत्र प्रताप, रोबिन पुत्र राजेन्द्र, आयुष पुत्र राजेन्द्र, नन्दलाल पुत्र विश्वनाथ, नीटू पुत्र भूपसिंह, उदय, विशाल पुत्र खुशीराम, पंकज पुत्र स्व. मुन्नालाल, राजपाल पुत्र भगवानदास, राहुल यादव उर्फ बंटी, संतोष पुत्र गुलाब सिंह, अनुज पुत्र धीरीपाल, सचिन उर्फ मिर्ची पुत्र रोशन लाल, ओम निषाद पुत्र मुकेश, अंकित पुत्र रमेश, तरूण, यूना सुनीत प्रकाश पुत्र सी. शार्प, शिवा, अमन पुत्र राकेश, शुभम पुत्र चमन (एटनबाग), राहुल पुत्र शिव प्रसाद, अभिषेक राधव पुत्र दिनेश और अमन सैनी उर्फ कारलोश (फतेहपुर ग्रांट) समेत कई अन्य लोग शामिल थे।
मारपीट के बाद सभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। महेश कुमार को गंभीर सिर की चोट आने पर सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बताया कि नामजद सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




