खाई में गिरी बस, 7 यात्रियों की मौत, 12 घायल
अल्मोड़ा में भिकियासैंण रामनगर मार्ग पर हुआ हादसा

अल्मोड़ा (उत्तराखंड): उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भिकियासैंण क्षेत्र के शिलापनी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बस में थे 19 यात्री
दुर्घटनाग्रस्त बस में कुल 19 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक के नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों की सूची
हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं—
- गोविंद बल्लभ (80 वर्ष)
- पार्वती देवी (75 वर्ष), निवासी जमोली
- सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65 वर्ष), जमोली
- तारा देवी (50 वर्ष), बाली
- गणेश (25 वर्ष)
- उमेश (25 वर्ष)
- एक अज्ञात युवक, जिसकी पहचान की जा रही है
मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
घायलों की सूची
नंदा बल्लभ (50), राकेश कुमार (40), नंदी देवी (40), हंसी सती (36), मोहित सती (16), बुद्धि बल्लभ (58), हरीचंद्र (62), भूपेंद्र सिंह (64), जितेंद्र रेखाड़ी (37), बस चालक नवीन चंद्र (55), हिमांशु पालीवाल (17) और प्रकाश चंद (43)।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तत्काल और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं।




