
देहरादून में भूमि विवाद का गंभीर मामला, प्रार्थियों ने पुलिस महानिरीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई
देहरादून : राजधानी देहरादून के रामपुर भाऊवाला क्षेत्र की भूमि को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। इंद्रेश कुमार सहगल, मनप्रीत सिंह लूथरा और अजय करणवाल ने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि राहुल शर्मा, समीना आसिम और अन्य व्यक्तियों ने उनकी खरीदी हुई भूमि पर जबरदस्ती कब्ज़ा करने का प्रयास किया है और जान से मारने की धमकी दी है।
प्रार्थियों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में शैलेन्द्र मैठानी से रामपुर भाऊवाला स्थित 0.8340 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी। भूमि पर MDDA और RERA से आवश्यक स्वीकृतियाँ लेने के बाद उन्होंने चारदीवारी और गेट लगाकर प्लॉटिंग का कार्य शुरू किया था।
भूमि के पूर्व मालिक देवी प्रसाद तिवारी का देहांत 2012 में हो गया था। इसके बाद भूमि का वैध अधिकार शैलेन्द्र मैठानी को मिला, जिसे बाद में प्रार्थियों ने क्रय किया। आरोप है कि राहुल शर्मा ने फर्जी विक्रय पत्र और दस्तावेज तैयार कर भूमि को विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत करा दिया। प्रार्थियों ने पुलिस से आग्रह किया है कि राहुल शर्मा, समीना आसिम और अन्य आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी जमीन तथा उनकी जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पुलिस ने बताया कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। प्रार्थियों का कहना है कि विवाद के चलते उन्हें लगातार न्यायालय और भूमि कब्ज़ा मामले में परेशानियाँ झेलनी पड़ रही हैं।



