
रुद्रप्रयाग। सोनप्रयाग में नदी के लगातार कटाव ने खतरा बढ़ा दिया है। देर शाम कटाव के चलते सोनप्रयाग शटल पार्किंग का लगभग 15 से 20 मीटर हिस्सा धंस गया। इस दौरान पार्किंग में खड़ी दो बोलेरो वाहन इसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही कि समय रहते वाहन चालकों को सूचना देकर सतर्क कर दिया गया।
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि सोनगंगा नदी का कटाव तेज बना हुआ है। देर शाम जेसीबी (डोजर) मशीन की मदद से धंसाव में फंसे वाहनों को बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोग नदी के तेज बहाव और लगातार हो रहे कटाव को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन ने स्थिति पर करीबी नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें अलर्ट पर रखी हैं।




