
ऑरेंज अलर्ट के बीच डीएम डॉ. आशीष चौहान का आदेश, छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
देहरादून। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी से बहुत भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार 6 अगस्त को देहरादून जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा कि मौसम की गंभीर स्थिति और संभावित जोखिम को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में गुरुवार को शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों से आदेश का पालन करने तथा मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को भी कहा है।



