Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

बेकाबू ट्रक ने कुचले तीन दोस्त, एक की मौत दो गंभीर

झबरेड़ा में दर्दनाक हादसा, मंदिर की सीढ़ियों पर बैठे थे तीनों

हरिद्वार। झबरेड़ा कस्बे में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सहारनपुर मार्ग स्थित भगवान शिव मंदिर की सीढ़ियों पर बैठे तीन किशोर दोस्तों को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में 17 वर्षीय कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी 16 वर्षीय आयुष और 17 वर्षीय सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि कार्तिक अपने परिवार में अकेला ही था. उसके परिवार में माता-पिता और दो बड़ी बहने हैं. दोनों बहनों की शादी हो चुकी है. इस हादसे के बाद कार्तिक के परिवार में कोहराम मच गया. वही अस्पताल पहुंचे कार्तिक के परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है.

40 फीट तक घुसा ट्रक, मंदिर की दीवार भी टूटी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सहारनपुर की ओर से खाद लदा ट्रक तेज रफ्तार में आया और अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सीधे करीब 40 फीट दूर मंदिर की सीढ़ियों तक जा पहुंचा और वहां बैठे किशोरों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

गुस्साए ग्रामीणों ने 11 घंटे तक किया मार्ग जाम

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और सहारनपुर–मंगलौर मार्ग पर जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने और ट्रक चालक व मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की। इस दौरान करीब 11 घंटे तक मार्ग पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं स्थानीय विधायक वीरेंद्र जाती और आज़ाद समाज पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। काफी देर तक चली बातचीत और आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और जाम हटाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button