
टिहरी, 27 अगस्त : सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की होड़ अब जानलेवा स्टंट तक पहुंच चुकी है। टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही एक कार की छत पर बैठकर रील बना रहे तीन युवकों को पुलिस ने नागण क्षेत्र में धर दबोचा। पुलिस ने न केवल वाहन सीज किया, बल्कि तीनों पर कड़ी कार्रवाई भी की।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम टिहरी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक कार की छत पर बैठकर खतरनाक अंदाज में वीडियो बना रहे हैं। किसी राहगीर ने इस करतूत का वीडियो बनाकर पुलिस को भेज दिया। पुलिस ने तुरंत नागण में बैरियर लगाकर वाहन को रोका और तीनों युवकों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान चालक साहिल (22) निवासी टिहरी तथा छत पर बैठे सलीम (23) और मोहम्मद अमान (22) निवासी ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन को सीज कर दिया, जबकि सलीम और मोहम्मद अमान पर पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत 250-250 रुपये का जुर्माना ठोका गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकत न सिर्फ यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाती है, बल्कि जान के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। अभियान के तहत ऐसी लापरवाहियां करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




