
उत्तरांचल विश्वविद्यालय का वैश्विक परचम, WURI रैंकिंग 2026 में दुनिया के टॉप-100 में जगह
उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण, विश्वविद्यालय को मिली विश्व स्तर पर बड़ी पहचान
रिसर्च और इनोवेशन में उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने बनाया नया कीर्तिमान
देहरादून स्थित उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड का नाम वैश्विक शिक्षा जगत में रोशन किया है। स्विट्जरलैंड में जारी वर्ल्ड यूनिवर्सिटीज रियल इम्पैक्ट (WURI) रैंकिंग 2026 में विश्वविद्यालय को विश्व के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में 85वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि हासिल करने वाला उत्तराखंड का एकमात्र विश्वविद्यालय भी बन गया है।
WURI रैंकिंग के अनुसार विश्वविद्यालय ने भारत में कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया है। वैश्विक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक जोखिमों के लिए भविष्योन्मुखी प्रतिक्रियाएं, लागत-प्रभावी प्रबंधन और प्रतिनिधि अनुसंधान परियोजना जैसी श्रेणियों में विश्वविद्यालय ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
इसके अलावा औद्योगिक अनुप्रयोग, डिजिटल और एआई परिवर्तन, सतत विकास, समावेशी सामाजिक नवाचार, अंतःविषयक शोध तथा एआई आधारित शिक्षण जैसी कई श्रेणियों में भी विश्वविद्यालय भारत के शीर्ष संस्थानों में शामिल रहा। उत्तराखंड स्तर पर विश्वविद्यालय को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने इस उपलब्धि को राज्य और देश दोनों के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने अनुसंधान एवं नवाचार टीम तथा संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि ने बताया कि WURI रैंकिंग पारंपरिक शैक्षणिक मानकों से आगे बढ़कर विश्वविद्यालयों के वास्तविक सामाजिक योगदान का मूल्यांकन करती है। इसमें छात्र सहभागिता, औद्योगिक सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व, उद्यमशीलता, संकट प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक चुनौतियों से निपटने की क्षमता जैसे पहलुओं को प्रमुखता दी जाती है।
अनुसंधान एवं नवाचार निदेशक डॉ. राजेश सिंह और संयुक्त निदेशक डॉ. अनीता गहलोत ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय लगातार पांचवीं बार WURI रैंकिंग में स्थान बनाने में सफल रहा है। इस प्रतिष्ठित सूची में दुनिया के कई नामचीन संस्थान और विश्वविद्यालय भी शामिल हैं, जिनमें येल विश्वविद्यालय, स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, हार्वर्ड विश्वविद्यालय, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के नाम शामिल है।




